एआइएमआइएम कार्यकर्ताओं ने भी दी उपद्रव को हवा, जिलाध्यक्ष की भी होगी गिरफ्तारी




लखनऊ।(आरएनएस) राजधानी में उपद्रव की साजिश में एक के बाद एक कई नाम सामने आ रहे हैं। पश्चिम बंगाल के उपद्रवियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी (एआइएमआइएम) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेताओं पर भी शिकंजा कस रही है। महासचिव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस जिलाध्यक्ष की भी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।       


 पुलिस को 13 दिसंबर को शहर में घंटाघर पर नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पहले प्रदर्शन और फिर उपद्रव की घटना में पार्टी के कई कार्यकर्ता और नेताओं के शामिल होने के सुबूत मिले हैं। नदवा कॉलेज में उपद्रव की घटना में गिरफ्तार खालिद पार्टी का सक्रिय सदस्य है, वह 13 दिसंबर को पहले विरोध प्रदर्शन में शामिल था। पुलिस के पास मौजूद फोटो में उसके साथ पार्टी जिलाध्यक्ष समेत कई उपद्रवियों के चेहरे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी सिटी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, 19 दिसंबर को भी शहर में हुए उपद्रव में यह लोग शामिल थे। 


गिरफ्तार जिला महासचिव अजीजुर्रहमान उर्फ खालिद ने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया था कि जिला अध्यक्ष काशिफ के कहने पर विरोध में शामिल हुआ था, जिसके बाद वह घंटाघर पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचा था। एसपी सिटी के मुताबिक पुलिस पार्टी के और कौन नेता उपद्रव की साजिश में शामिल थे उसकी पड़ताल की जा रही है। काशिफ की तलाश में पुलिस छापे मार रही है।