खजूरगाँव में श्री सर्वेश्वरी समूह का शिविर लगाकर किया गया रजाई वितरण


रायबरेली। औघड़ भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम मुंशीगंज रायबरेली की ओर से श्री सर्वेश्वरी समूह का शिविर लालगंज तहसील के खजूरगाँव स्टेट में माँ गंगा के पावन तट पर स्थित मंदिर में लगा। शिविर में रायबरेली शाखा के कार्यकारिणी सदस्य सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य दल बहादुर सिंह ने कहा कि आश्रम मानव सेवा के लिए विश्वविख्यात संस्था है, जिसे गिनीज बुक आफ द वर्ल्ड रिकार्ड एवं लिम्का बुक आफ द वर्ल्ड रिकार्ड सहित अन्य सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। आश्रम में चर्म रोगों से सम्बन्धित आयुर्वेदिक दवाईयाँ दी जाती हैं तथा  फकीरी पद्धति से प्रत्येक रविवार को पथरी की दवा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है।  आर.के चतुर्वेदी ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह का मुख्य उद्देश्य मानव मात्र की सेवा करना है।  रायबरेली की शाखा के द्वारा ठंड के मौसम में प्रत्येक वर्ष रजाई व कम्बल का वितरण जरूरतमंदों के मध्य किया जाता है।  वरिष्ठ अधिवक्ता ओ.पी. यादव ने कहा कि श्री सर्वेश्वरी समूह समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करने का प्रयास कर देश को नई दिशा दे रही है।  श्री यादव ने बताया कि यह एक ऐसा वृहद संगठन है जो सम्पूर्ण मानवता के कल्याण के लिए निरन्तर प्रयत्नशील है।  दिव्याम्बर सिंह उर्फ बाबा राजा ने पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम व वर्तमान पीठाधीश्वर पूज्य गुरूपद सम्भव राम जी के चित्र पर मार्ल्यापण एवं पूजन-अर्चन कर किया तदुपरान्त पूजा अर्चना व व्याख्यान के बाद गरीब, निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के मध्य दो सौ रजाई वितरित किया। धर्मेन्द्र यादव ने आश्रम द्वारा अन्य लोकहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी उपस्थित लोगों के मध्य दी।  इस अवसर पर मुख्य रूप से बृजेश सिंह, सचिन श्रीवास्तव, रमेश सिंह, राजन रस्तोगी, मनीष सिंह, सुरेन्द्र कुमार, अभिषेक विक्रम सिंह, नरेन्द्र सिंह, महेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र आदि लोग उपस्थित रहे।