साजिश में शामिल उपद्रवियों की तैयार हो रही सूची, 250 से अधिक पर लगेगा रासुका


लखनऊ।(आरएनएस) साजिश के तहत विरोध की आड़ में हिंसा फैलाने वाले 250 से अधिक उपद्रवियों के खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने उन उपद्रवियों की पहचान शुरू कर दी है, जिन्होंने हिंसा की साजिश रची थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि साजिश में शामिल और माहौल बिगाडऩे वाले उपद्रवियों की सूची तैयार की जा रही है। सुनियोजित ढंग से राजधानी को आग में झोंकने की साजिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।


पुलिस की अब तक की पड़ताल में 200 से 300 सौ ऐसे लोगों की भूमिका का पता चला है, जिन्होंने न केवल लोगों को एकत्र किया था। बल्कि उन्हें हिंसा के लिए उकसाया भी था। पुलिस प्रशासन हिंसा की अगुआई करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई करेगी। नदवा में हुए हंगामे के दौरान ही उच्चाधिकारियों ने यह संकेत दिया था कि हिंसा फैलाने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। उधर, गुरुवार को राजधानी में ट्रांस गोमती क्षेत्र में सबसे पहले अराजकता शुरू हुई थी और लोगों ने हिंसक प्रदर्शन किया था। इसके बाद से जगह-जगह लोग सड़कों पर उतर आए थे। टीजी क्षेत्र में हुए उपद्रव को देखते हुए पुलिस प्रदर्शनकारियों को उकसाने वालों की शिनाख्त कर रही है।