उपद्रवियों की गोली से बाल-बाल बचा जवान 0-जैकेट में रखे पर्स से बची जान


फिरोजाबाद,22 दिसंबर (आरएनएस)। नागरिकता संशोधन अधिनियम पर उत्तर प्रदेश के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच, फिरोजाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां नागरिकता कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मी को सीने में गोली लगी, लेकिन गोली बुलेटप्रूफ जैकेट को पार करते हुए पर्स में जाकर फंस गई। सिपाही को गोली लगने की जानकारी करीब 15 घंटे बाद वर्दी उतारने पर हो सकी। पर्स में गोली फंसी देख सिपाही दंग रह गया।
शनिवार को सिपाही ने डीएम और एसएसपी को घटना की जानकारी दी। दरअसल, फिरोजाबाद में कांस्टबेल बिजेन्द्र कुमार सीएए के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्होंने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी। उन्होंने अपना पर्स शर्ट की पॉकेट में रखा था। तभी उन्हें सीने पर गोली लगी। गोली की रफ्तार इतनी तेज थी कि उनकी बुलेट प्रूफ जैकेट फट गई, इसके बाद बुलेट प्रुफ जैकेट के नीचे पहनी गई शर्ट भी फट गई और गोली शर्ट के पॉकेट में रखे पर्स में जाकर फंस गई। हालांकि सिपाही को घटना की जानकारी नहीं हो सकी।
घटना के करीब 15 घंटे बाद सिपाही ने वर्दी उतारी तो वर्दी की जेब में छेद देख सिपाही दंग रह गया। उसने पर्स को देखा तो गोली पर्स में फंसी थी।
कांस्टबेल बिजेन्द्र कुमार का कहना है कि उनके पर्स में चार एटीएम कार्ड और कुछ देवी-देवताओं की तस्वीरें थी। उन्होंने कहा कि गोली प्रदर्शनकारियों की ओर से फायर की गई थी। उन्होंने कहा गोली किस ओर से आई उन्हें पता नहीं है। जिले के वरिष्ठ पुलिसकर्मियों ने कांस्टबेल बिजेन्द्र कुमार की तारीफ की है।