प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने लिया शाही पद छोडऩे का फैसला, सकते में राजपरिवार


लंदन,09 जनवरी । ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने सोशल मीडिया अकाऊंट इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट डालकर सबको हैरान कर दिया है। दरअसल, प्रिंस हैरी और मेगन मर्केल ने शाही पद छोडऩे का ऐलान किया है। अब वे आत्मनिर्भर बनकर साधारण जिंदगी जीना चाहते हैं। ड्यूक और डचेज ऑफ ससेक्स द्वारा लिए गए इस फैसले से ब्रिटेन का राजपरिवार सकते में आ गया है।
प्रिंस हैरी और मेगन ने एक बयान जारी कर कहा कि वे दोनों अब ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिकी में अपना समय व्यतीत करेंगे। बताया गया है कि शाही जोड़े ने इस घोषणा से पहले शाही परिवार के किसी सदस्य से कोई सलाह मशविरा नहीं किया था और उनके इस फैसले से शाही परिवार काफी निराश है।
प्रिंस हैरी और मेगन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर साझा बयान जारी कर कहा कि कई महीनों तक विचार विमर्श के बाद ही उन्होंने ये फैसला किया है। बयान में शाही जोड़े ने कहा कि हमलोग शाही परिवार के सदस्य की हैसियत से हटना चाहते हैं और खुद को आर्थिक रूप से आजाद होने के लिए काम करना चाहते हैं। लेकिन इसके साथ ही महारानी को हमारा समर्थन जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि वो दोनों अब ब्रिटेन और उत्तरी अमेरिकी दोनों जगह रहकर अपना समय व्यतीत करना चाहते हैं। बयान ने उन्होंने कहा कि इस भौगोलिक संतुलन से हमें अपने बेटे को शाही तरीकों के साथ जिसमें उनका जन्म हुआ था, पालने में मदद मिलेगी। इससे हमें समय भी मिलेगा जिससे हम जीवन के नए अध्याय पर केंद्रित हो सकेंगे और अपनी नई चैरिटेबल संस्था को लॉन्च करने का भी मौका मिलेगा।
बता दें कि मई 2018 में हैरी और मेगन की शाही शादी हुई थी जिसके बाद दोनों को ससेक्स के ड्यूक और डचेस का खिताब दिया गया था। मई 2019 में जोड़े ने अपनी पहली संतान आर्ची हैरिसन माउंटबेटन विंडसर को जन्म दिया था।
वर्तमान में हैरी (35) ब्रिटिश राज सिंहासन के लिए छटे नंबर पर हैं। मीडिया में अलकलें लगाई जा रही है कि हैरी और मेगन (38) ने कनाडा में छह हफ्ते की छुट्टी से इस महीने अपनी वापसी के बाद से सार्वजनिक जीवन से अलग होने का फैसला किया है।
गौरतलब हो कि पिछले साल प्रिंस हैरी ने अपने बड़े भाई प्रिंस विलियम से मीडिया में आई मनमुटाव की बात मानी थी। हैरी और मेगन दोनों के कुछ ब्रिटिश अखबारों से तनावपूर्ण संबंध हैं। हैरी ने और मेगन ने बताया कि दोनों मिलकर एक चैरिटी खोलेंगे और आर्थिक रूप से स्वतंत्र होने की दिशा पर काम करेंगे।