शहर में 5.73 किलोमीटर लंबी टनल से गुजरेगी रैपिड रेल

मेरठ।(आरएनएस ) मेरठ शहर में रैपिड रेल 5.73 किमी लंबी टनल से गुजरेगी। यह टनल टीपी नगर से एमईएस कॉलोनी के बीच बनेगी। आने-जाने के लिए दो अलग-अलग टनल होंगी जिसकी गहराई 17 से 19 मीटर होगी। प्रत्येक टनल का व्यास 6.5 मीटर होगा।देश की पहली रीजनल ट्रांजिट रैपिड रेल का दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर की लंबाई 82 किमी है। इस पूरे कॉरिडोर में कुल 11.53 किमी लंबी टनल बनेगी। एक टनल आनंद विहार में और दूसरी मेरठ में। दिल्ली में यह टनल 5.8 किमी लंबी होगी जो न्यू अशोक नगर से गाजियाबाद के बीईएल तक बनेगी। वहीं मेरठ में ब्रह्मपुरी स्टेशन से एमईएस कॉलोनी तक बनेगी। इस टनल की लंबाई 5.73 है। ब्रह्मपुरी के नाम से स्टेशन टीपी नगर गेट के पास बनेगा। दिल्ली के सराय कालेखां से मेरठ के मोदीपुरम तक के रूट पर कुल कुल चार स्टेशन भूमिगत होंगे। इसमें मेरठ में तीन स्टेशन भूमिगत होंगे। ये स्टेशन हैं मेरठ सेंट्रल, भैंसाली और बेगमपुल। वहीं दिल्ली में सिर्फ आनंद विहार स्टेशन भूमिगत है। गाजियाबाद जिले में सभी स्टेशन एलिवेटेड बनेंगे। भूमिगत भाग के लिए जो टनल बनेगी उसका व्यास 6.5 मीटर होगा। जबकि मेट्रो के लिए बनने वाली टनल का व्यास 5.8 मीटर होता है। मेरठ सेंट्रल, बेगमपुल और भैंसाली के पास टनल की गहराई 17-19 मीटर के बीच होगी जबकि आनंद विहार के पास यह करीब आठ मीटर होगी।