एकल अभियान की भूमिका महत्वपूर्ण : योगी

लखनऊ,(आरएनएस ) लखनऊ के अम्बेडकर ऑडिटोरियम में एकल अभियान के परिवर्तन कुम्भ का उद्घाटन करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने स्वराज सेनानियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार भगवान राम ने वनवासियों के विकास को गति देकर रामराज्य की स्थापना की, उसी प्रकार मोदी सरकार भी गांव-गांव तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए संकल्पित है। इस महाकार्य को गति प्रदान के लिए एकल अभियान बेहद महत्वपूर्ण है और अब शिक्षा के साथ-साथ सरकारी योजनाओं से दुर्गम क्षेत्र, आदिवासियों को जागरुक करना है, ताकि हर झोपड़ी को घर में बदला जा सके, राम राज्य की स्थापना की जा सके।
कार्यक्रम को उप मुख्यमन्त्री केशव प्रसाद मौर्या ने भी इस कार्यक्रम में आकर स्वराज सेनानी एवं एकल के कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया।
तीन दशकों के सफर पर मीनाक्षी सिंह द्वारा लिखी गई पुस्तक “एकल अभियान, जन्म से जन आन्दोलन तक” का भी विमोचन मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने किया। इस कार्यक्रम की शोभा बढ़ाते हुए मुख्यमन्त्री के साथ मंच पर उत्तर प्रदेश टेक्निकल युनिवर्सिटी (एपीजी अब्दुल कलाम तकनीकी विश्वविद्यालय) के कुलपति प्रो0 विनय पाठक ने घोषणा किया कि उत्तर प्रदेश के 600 से अधिक तकनीकी कॉलेज एकल विद्यालयों को तकनीकी शिक्षा से सशक्त करेंगे। इसके लिए एक एमओयू एकल अभियान के केन्द्रीय प्रमुख हम्मा देवेन्द्र एवं उत्तर प्रदेश टेक्निकल यूनिवर्सिटी के कुलपति के बीच हुआ।
मंच पर एकल अभियान ट्रस्ट के चेयरमैन लक्ष्मी नारायण गोयल, भारतीय लोक शिक्षा परिषद के अध्यक्ष उमाशंकर हलवासिया, विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ न्यास के ट्रस्टी डा0 अनिल मिश्रा, उद्योगपति राज कुमार लोहिया, आचार्य विजय शंकर मेहता की गरिमामयी उपस्थिती रही। एकल अभियान के संस्थापक सदस्य श्याम जी गुप्त भी इस मौके पर मौजूद थे।
आचार्य विजय शंकर मेहता ने एकल अभियान के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि ’’जब सरकारें स्कूल चलो के नारे दे रहीं थी... तो दूसरी ओर एकल अभियान शिक्षा और संस्कार के साथ स्कूल चलाने का काम भी शुरु कर चुका था।’’