धूमधाम से मनाया गया ऐतिहासिक गंगा मेला, रंगों से सराबोर हुए शहरवासी 

कानपुर। शहर में ऐतिहासिक गंगा मेला धूमधाम से मनाया गया और लोग एक बार फिर रंगों में सराबोर हुए। हटिया के रज्जनबाबू पार्क से रंग का ठेला निकला तो जगह जगह अबीर,गुलाल और रंगों की बौछार से माहौल रंगीन हो गया। शहरवासियों ने एक दूसरे गले मिलकर होली की बधाई दी और अबीर गुलाल लगाया। होरियारों की टोली सड़कों पर निकली तो छतों से बच्चों और महिलाओं ने रंग उड़ेलकर उन्हें सराबोर कर दिया। चौराहों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता में युवाओं ने अपना दम दिखाया।
तिरंगा फहराकर पुलिस बैंड ने दी सलामी   

सुबह एडीएम सिटी विवेक श्रीवास्तव एसपी पूर्वी राजकुमार अग्रवाल, सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी, पूर्व विधायक सलिल विश्नोई जब हटिया के रज्जनबाबू पार्क पहुंचे तो कमेटी के संरक्षक मूलचंद्र सेठ,संयोजक ज्ञानेंद्र विश्नोई,विनय सिंह ने उन्हें अबीर गुलाल लगाया। इसके बाद रज्जन बाबू पार्क में तिरंगा फहराकर पुलिस बैंड से सलामी दी गई। यहां पर आए हुए लोगों का सम्मान करने के साथ ही फिर गंगा मेला के रंग शुरू हुए।

होरियारों की टोली ने अबीर और गुलाल उड़ाकर की मस्ती 

रविवार सुबह होली के सातवें दिन हटिया स्थित रज्जनबाबू पार्क से परंपरागत रंगों का ठेला निकला। जनरलगंज, नौघड़ा, बिरहाना रोड से होते हुए प्रमुख मार्ग से गुजर होरियारों की टोली रंग,अबीर और गुलाल की बौछार करती रही। कानपुर हटिया होली महोत्सव कमेटी के मूलचंद्र सेठ, ज्ञानेंद्र विश्नोई, विनय सिंह समेत हजारों लोगों की भीड़ साथ रही।