लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर पुलिस ने बीच सड़क पर लोगों को बनाया मुर्गा 

कानपुर।शहर में लॉकडाउन के बावजूद सड़क पर निकले लोग बुरे फंस गए। पुलिस ने लोगों को न केवल पीटा बल्कि बीच सड़क पर मुर्गा बना दिया। पुलिस ने कई लोगों से लिखवाया कि "मैं देश का दुश्मन हूं इसलिए घर से बाहर निकला हूं"।

शहर में लॉकडाउन के दूसरे दिन मंगलवार सुबह 6 से 11 बजे तक लोगों को जरूरी वस्तुओं की खरीद के लिए घर से निकलने की इजाजत थी। इस बीच,दूध,सब्जी,फल, दवाई और राशन खरीदा। पेट्रोल पंप भी पांच घंटे के लिए ही खुले रहे। इसके बावजूद तमाम लोग 11 बजे के बाद सड़क पर घूमते दिखे। पुलिस ने कइयों को पीटकर भगा दिया तो कई लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए लोगों को बीच सड़क मुर्गा बना दिया। ऐसा ही नजारा शहर के जाजमऊ इलाके में देखने को मिला। यहां पर कई लोगों को कतारबद्ध कराकर पुलिस ने डंडे के बल पर मुर्गा बना दिया।