विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से फैली सनसनी
कानपुर। बर्रा.5 में विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मायके वालों ने आये दिन किसी बात को लेकर पति से झगड़ा होने की बात कही। वहीं घर में पति के न होने से संदेह गहरा गया। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू की है और मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र करे।

बर्रा 5 एमआईजी निवासी अनुराग सचान के मकान में बीते तीन वर्षों से अरविंद सचान किराये का कमरा लेकर पत्नी अलका (32)  उर्फ रानी के साथ रह रहे थे। रविवार शाम अरविंद पुखरायां के जरौल गांव गए थे। सोमवार सुबह देर तक अलका कमरे से बाहर नहीं आई तो अनुराग व उनकी पत्नी ने दरवाजा खटखटाते हुए आवाज लगाई। कोई उत्तर न मिलने पर उन्होंने कमरे के रोशनदान से झांक कर देखा तो अलका का शव पंखे के कुंडे के सहारे दुपट्टे के फंदे पर लटका रहा था। उन्होंने घटना की जानकारी अरविंद और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर पहुंची।
 पति से आये दिन होता था झगड़ा  


अलका के पैर जमीन पर छू रहे थे, यह देखकर घटना पर संदेह हो गया। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। जानकारी पर पहुंचे घाटमपुर निवासी भाई मनोज ने बताया कि बहन की शादी जुलाई 2018 में हुई थी। इसके बाद से पति से आये दिन बहन का झगड़ा होता था। एसीएम प्रथम आरपी वर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर स्वजनों से पूछताछ की। थाना प्रभारी सतीश सिंह नेे बताया की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।