अयोध्या पहुंची साध्वी ऋतम्भरा का स्वागत करते विहिप कार्यकर्ता

अयोध्या पहुंची साध्वी ऋतम्भरा का स्वागत करते विहिप कार्यकर्ता
साध्वी ऋतम्भरा ने रामलला का किया दर्शन
ऽ कहा -अयोध्या में मंदिर निर्माण विश्व को देगा संदेश
अयोध्या।(आरएनएस) सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद पहली बार अयोध्या पहुंची साध्वी ऋतम्भरा ने रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला का दर्शन किया। विहिप के अन्तरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय के साथ पहुंची साध्वी ऋतम्भरा को परिसर प्रशासन मय वाहन अधिग्रहीत क्षेत्र तक लेकर गया और उन्हें सुविधापूर्ण ढंग से दर्शन में मदद की।
वहीं पत्रकारों से बातचीत के दौरान सध्वी ने कहा कि पूरे संसार के स्वामी अखिल ब्रह्माण्ड नायक प्रभुश्रीराम का दर्शन पाकर अत्यधिक आह्लादित व प्रसन्नता की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रभुराम ने जिन आदर्शों की स्थापना की, वह सम्पूर्ण संसार के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि रामलला के भव्य-दिव्य मंदिर निर्माण के साथ पूरे विश्व को परस्पर प्रेम, सद्भावना और भाईचारे का संदेश जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां संबंधों के आगे अर्थ भी अपना अर्थ खो देते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में भौतिकता का जिस प्रकार से बोलबाला है, ऐसे में रामजी के आदर्श और भी समीचीन हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए ट्रस्ट सरकार बनाएगी और बड़े लोग ट्रस्टियों के विषय में निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि मेरी मान्यता है कि रामलला की तन-मन और धन से सेवा करने वाले सभी रामभक्त ट्रस्टी हैं। साध्वी ऋतम्भरा ने रामलला के अधिवक्ता सम्मान समारोह में भी हिस्सा लिया।