भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के कार्यकाल में स्थिति गम्भीर


सहारनपुर में बैठक को सम्बोधित करती प्रसपा की प्रदेशाध्यक्ष सिम्मी वोहरा।
सहारनपुर।(आरएनएस) प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया की प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती सिम्मी वोहरा ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार के शासनकाल में हालात अत्यंत गम्भीर हैं। विशेषकर महिलाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है जिसे रोकने के लिए उनकी पार्टी संघर्ष कर रही है। श्रीमती सिम्मी वोहरा आज यहां बेहट रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित बैठक को सम्बोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अच्छे दिन आने के साथ ही प्रत्येक गरीब को 15 लाख रूपए देने सहित कई वायदे किए थे, लेकिन आज तक किसी भी वायदे को पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश के हालात खराब बने हुए हैं। व्यापारी, युवा व महिला सहित सभी वर्गों का शोषण किया जा रहा है। कानून-व्यवस्था चैपट हो गई है। महंगाई आसमान छू रही है। ऐसी स्थिति में प्रसपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही है।  उन्होंने महिलाओं का आह्वान किया कि वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के हाथों को मजबूत करें तथा आगामी 2022 में बनने वाली सरकार में अपना योगदान दें। प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती मीनू तिवारी, राधा वरूण, इटावा जिलाध्यक्ष सीमा यादव, प्रदेश सचिव नरेंद्र कौशिक, जिलाध्यक्ष तारिक गुड्डू, महानगर अध्यक्ष सुरेश दत्त त्यागी, राजकुमार वालिया ने भी महिलाओं से सक्रिय राजनीति में भागीदारी करने का आह्वान किया। इस दौरान श्रीमती सिम्मी वोहरा ने सुलताना मलिक को महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष बनाने की घोषणा की। बैठक का संचालन इंजमाम प्रधान ने किया।