ठंड में इजाफा होते ही सुबह की सैर हुई सुहानी ० दिसंबर में कड़ाके की ठंड पड़ेगी


रायपुर, 25 नवंबर (आरएनएस)। नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में धीरे धीरे ठंड में इजाफा हो रहा है। दशकों बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब नवंबर माह में पर्याप्त ठंड नहीं पड़ी। ऋतु परिवर्तन का चक्र इस बार नवंबर में देखने को मिला है। जानकारों के मुताबिक प्रकृति से हो रही छेड़छाड़ का नतीजा ऋतु चक्र असंतुलन का प्रमुख कारण है। रातें ठंडी होनी अब शुरू हो गई है। धीरे धीरे ठंड में इजाफा होने से सुबह की सैर करने वालों के लिए सुबह अब सुहानी बन गई है। शहर का शायद ही ऐसा बाग बगीचा हो जहां पर बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक में सुबह घूमने का उत्साह उनके चेहरे पर छाये उल्लास से दिखाई पड़ता है। वहीं योगा करते अनेक लोग दिखाई देते हैं। अब सभी वर्गों में अपनी सेहत को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। डॉ. चंद्रमणी तिवारी के अनुसार योग एवं व्यायाम निरोग काया का सबसे उत्तम उपाय है। जिसके चलते अनेक व्याधियों की जकड़ में आने से लोग बच जाते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार लगातार मानसूनी अवदाब के चलते हो रही वर्षा के कारण भी ठंड पर्याप्त मात्रा में नहीं बढ़ पाई है। दिसंबर में उत्तर भारत समेत मध्यप्रदेश छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, बिहार, पंजाब में जम्मू कश्मीर एवं हिमालय में हो रही भारी बर्फबारी के चलते कड़ाके की ठंड पड़ेगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार ठंड मार्च तक रहने की संभावना है।