छह माह तक मनाली-लेह मार्ग बंद, बीआरओ नहीं हटाएगा बर्फ

छह माह तक मनाली-लेह मार्ग बंद, बीआरओ नहीं हटाएगा बर्फ
कुल्लू ,19 दिसंबर (आरएनएस)। मनाली-लेह जाने वाले वर्यटकों के लिए एक बूरी खबर सामने आई है। रोहतांग दर्रे पर रिकॉर्ड 8 फीट बर्फबारी की वजह से मनाली-लेह मार्ग इस बार तीन हफ्ते पहले ही वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गया है। भले ही यह मार्ग आधिकारिक तौर पर 15 नवंबर से मई महीने तक बंद कर दिया जाता है लेकिन 31 दिसंबर तक मौसम खुलने के दौरान सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) इसे लोगों की सुविधा के लिए बहाल करता रहा है।
इस बार रिकॉर्ड बर्फबारी की वजह से बीआरओ ने बर्फ न हटाने का फैसला लिया है। अब मई महीने तक इस मार्ग पर कोई भी वाहन नहीं चल सकेगा।    
रोहतांग टनल से आवाजाही 25 नवंबर से बंद है, जबकि रोहतांग दर्रा 19 नवंबर से बंद है। हालांकि, बीआरओ ने दर्रे से बर्फ हटाकर इसे बहाल कर दिया था, मगर एक हफ्ते तक रोहतांग के आसपास बर्फीला तूफान आने से यह फिर से बंद हो गया है।
उधर, हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने के लिए लाहौल प्रशासन ने करीब एक माह पहले ही कुल्लू के साथ लाहौल के हेलीपैडों में बुकिंग सेंटर खोल दिए हैं। कुल्लू में लाहौल जाने के लिए 260 और लाहौल में करीब 150 लोगों ने कुल्लू आने के लिए आवेदन किया है।