मुंबई साहित्य महोत्सव में शामिल होंगे राजा


महासमुंद, 22 दिसंबर (आरएनएस)। अखिल भारतीय अग्नि शिखा मंच मुंबई के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय साहित्य महोत्सव  24-25 दिसंबर को मारवाड़ी फतेहपुरिया पंचायती वाडी में संपन्न होने जा रहा है। विभिन्न राज्यों से लगभग 200 रचनाकार शामिल होंगे। दो दिवसीय कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों में पहले दिन 24 दिसंबर को चतुर्थ सत्र जो कि लघुकथा पर आधारित है, में महासमुंद, छत्तीसगढ़ से प्रतिनिधित्व के रुप में लघुकथाकार महेश राजा को आमंत्रित किया है। इस सत्र में महेश राजा विशेष अतिथि होंगे और लघुकथा पर अपना आलेख पाठ करेंगे। ज्ञातव्य है कि पिछले चार दशकों से महेश राजा लघुकथा में प्रतिष्ठित नाम है। उनकी दो पुस्तकें, बगुला भगत और नमस्कार प्रजातंत्र छप चुकी है। भारत भर की लगभग सभी प्रतिष्ठित पत्र पत्रिका में उनकी रचनाएं प्रकाशित हो चुकी है। इनकी 55 लघुकथाओं को रविशंकर यूनिवर्सिटी के शोध प्रबंध में स्थान मिल चुका है। महेश राजा की रचनाएं, गुजराती, पंजाबी उडिया,बंगाली व छत्तीसगढ़ी में अनुदित हो चुकी है।