नगरवासियों की समस्याओं के निराकरण को सदैव तत्पर: अजीत चौबे


सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा सोमवार को नगर स्थित साईं मंदिर हाल में भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अजीत चौबे व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल का अभिनंदन किया गया। व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रतनलाल गर्ग समेत अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उक्त दोनों नेताओं को माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। इस दौरान व्यापारियों को सम्बोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि अपने दायित्वों का निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहा हूं। नगरवासियों की हर समस्याओं के निराकरण के लिए सदैव तत्पर हैं। राबर्ट्सगंज नगर के मध्य से होकर गुजरने वाले खलियारी-मडि़हान वाया घोरावल मार्ग के निर्माण के दौरान सम्भावित चौड़ीकरण, घरों एवं दुकानों को तोड़े जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि हम सभी आमजनता के साथ हैं। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री से मिलकर नगर के मध्य से मार्ग न निकालकर बाईपास का निर्माण कराये जाने की मांग की जायेगी। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल ने कहा कि भाजपा हमेशा जनहित और व्यापारी हित की बात करती है। उन्होंने कहा कि मार्ग का निर्माण होना आवश्यक है, लेकिन उसके लिए नगर के मकान एवं दुकानों को नहीं गिराया जाये। 
      व्यापार मंडल के अध्यक्ष रतन लाल गर्ग ने कहा कि उम्मीद है कि भाजपा सरकार व्यापारियों के सुख-दुःख का ख्याल रखेगी। इस मौके पर विमल जालान, विमल अग्रवाल, मोहनलाल केशरी, मिठाई लाल सोनी, कौशल शर्मा, ठाकुर प्रसाद अग्रहरि, चंदन केशरी, शरद, प्रीतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।