गोसाईगंज कोतवाली में पुलिस कर्मियों ने जमकर खेली होली


गोसाईंगंज-अयोध्या। होली के हुड़दंग में आम नागरिक ही नहीं पुलिस वालों ने भी जमकर अबीर गुलाल उड़ाया। एक दिन पूर्व सुरक्षा व्यवस्था में ड्यूटी लगने के कारण पुलिस कर्मी होली नहीं खेल पाए थे। पुलिस कर्मियों ने दूसरे दिन होली के हुड़दंग का पूरा आनंद लिया। ढोल और तासों की थाप पर पुलिस वाले जमकर थिरके। इसके साथ ही सभी ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर बधाइयां दीं।
होली के रंग में हर कोई को रंगने को बेताब दिखा। इस दौरान गोसाईगंज क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था में तल्लीन पुलिस कर्मियों ने भी रंगों के इस त्योहार को मनाने के लिए कुछ वक्त निकाला। थानाध्यक्ष भी लोगों को रंगों में रंगते हुए थिरके। इसके बाद सभी ने एक दूसरे के थाने में जाकर रंगोत्सव की गले लगकर बधाइयां दी। कुछ पुलिस कर्मियों ने लोक गीत गाकर साथियों की तालियां बटोरीं तो कुछ ने त्योहार पर अपने परिवार से फोन पर बात कर बधाई दी। पुलिस महकमे को सुबह से ही होली के रंगों का उत्साह सिर चढ़ कर बोल रहा था। सभी एक दूसरे को बधाइयां देने में लगे रहे। महकमे के कर्मचारियों ने उच्चाधिकारियों को फोन पर होली की शुभकामनाएं दीं।